पंजाब में ED की कार्रवाई : AAP के बड़े नेता के करीबी का नाम सामने आने से मचा हड़कंप

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 09:05 PM (IST)

जालंधर : पंजाब की राजनीति में उस समय बड़ा भूचाल आ गया, जब ई.डी. द्वारा की जा रही लैंड स्कैम और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले की जांच में आम आदमी पार्टी के बड़े नेता का नाम सामने आया है। अंग्रेजी अखबार 'द ट्रिब्यून' में इस संबंध में सनसनीखेज खुलासा करते हुए लिखा है कि ईडी ने चंडीगढ़ और मोहाली में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी करते हुए बड़े रियल एस्टेट नेटवर्क, बिल्डरों और कथित बिचौलियों को जांच के दायरे में लिया है, जिसके बाद एक नैटवर्क में शामिल बिल्डर के साथ आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा का नाम भी सामने आया है। 

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित लैंड स्कैम और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चंडीगढ़ और मोहाली में एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। इसी दौरान केंद्रीय एजेंसी ने गुरुवार को जारी अपने बयान में कहा कि धीर कंस्ट्रक्शन के मालिक गौरव धीर ने सनटैक प्रोजैक्ट्स  के माध्यम से एल्टस स्पेस बिल्डर्स से प्रोजैक्ट खरीदा, जिसकी वैल्यू 130 करोड़ रुपए लगाई गई।  एजैंसी के अनुसार वैल्यू लगाने में करीब 170 करोड़ रुपए अंडर वैल्यू रखी गई। गौरव धीर पंजाब में आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष Aman Arora का करीबी बताया जाता है। एजैंसी की तरफ से इस पूरे मामले में नितिन गोहिल के साथ-साथ प्रितपाल सिंह ढींढसा के यहां भी जांच की गई। जानकारों का कहना है कि करीब 1 करोड़ रुपया जांच के दौरान बरामद किया गया। 

ईडी के मुताबिक यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की गई। जांच एजेंसी का कहना है कि रियल एस्टेट लेनदेन और प्रोजेक्ट ट्रांसफर में कथित अनियमितताओं को लेकर यह छापेमारी की गई। जांच एजेंसी का दावा है कि मोहाली और आसपास के क्षेत्रों में रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स के ट्रांसफर, जमीन के मूल्यांकन से जुड़े लाइसेंस मामलों में बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। एजेंसी ने आरोप लगाया कि कुछ प्रोजेक्ट्स को वास्तविक कीमत से बेहद कम रकम में खरीदकर करोड़ों रुपये की कथित मनी लॉन्ड्रिंग की गई है। 
  
छापेमारी के दौरान मोहाली में हाई वोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक ईडी की रेड के दौरान एक फ्लैट से 500-500 रुपये के नोटों से भरे बैग नीचे फेंके गए। सोशल मीडिया पर नोट बिखरने के वीडियो तेजी से वायरल हो गए। लेकिन अमन अरोड़ा का नाम सामने आने से राजनीतिक हलचल जरूर तेज हो गई है। 

उधर इस संबंध में अमन अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि ई.डी. रेड में उनका नाम लाया जा रहा है और यह उनके खिलाफ एक प्रोपेगंडा है, उसमें वह झुकेंगे नहीं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News