Ludhiana: शगुन के पैसे जमा कराने आए बुजुर्ग को ठगों ने बनाया निशाना, एक काबू

punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 06:05 PM (IST)

लुधियाना (राज): जिले में लूट और ठगी के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। ग्यासपुरा इलाके में स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम में पैसे जमा करवाने आए एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने मदद का झांसा देकर एक बुजुर्ग की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, पीड़ित की बहादुरी और सतर्कता के चलते एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस पूरी वारदात की रोंगटे खड़े कर देने वाली सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपियों की चालाकी साफ देखी जा सकती है।

PunjabKesari

मिली जानकारी के अनुसार, स्क्रैप का काम करने वाले राम बरन वर्मा के घर में हाल ही में खुशियों ने दस्तक दी थी। उनकी बहू ने बेटे को जन्म दिया था और इसी खुशी में वह अपनी बहन को शगुन के तौर पर पैसे भेजने के लिए बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बैंक पहुंचे थे। राम बरन के हाथ में चोट लगी होने के कारण उन्हें मशीन चलाने में दिक्कत हो रही थी, जिसका फायदा वहां पहले से मौजूद दो शातिर युवकों ने उठाया।

पीड़ित ने बताया कि वह अक्सर सिक्योरिटी गार्ड की मदद लेते थे, लेकिन उस वक्त इन युवकों ने उन्हें अपनी बातों के जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने मशीन में कार्ड डालकर पैसे अंदर-बाहर करने का नाटक रचा और झांसा देकर राम बरन से 20 हजार रुपए ले लिए। ठगों ने उनसे कहा कि अभी मशीन से रसीद निकलेगी, आप यहीं रुकिए। जैसे ही राम बरन रसीद का इंतजार करने लगे, दोनों आरोपी पैसे जेब में डालकर बाहर की तरफ दौड़ पड़े।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपियों ने बुजुर्ग को मशीन से पीछे धकेला और पलक झपकते ही नकदी पार कर दी। जैसे ही आरोपी भागने लगे, राम बरन ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाई और एक आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिविजन नंबर 6 के अंतर्गत आती शेरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी की शिकायतें मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही उनके पैसे बरामद कर उन्हें सौंप दिए जाएंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News