PGI की चंडीगढ़ प्रशासन से ठनी, वी.पी. सिंह बदनौर को करनी पड़ी दखलंदाजी

punjabkesari.in Sunday, May 09, 2021 - 04:24 PM (IST)

चंडीगढ़ (पाल): चंडीगढ़ प्रशासन की पी.जी.आई. से सीधे ठन गई है। हालत ये है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने पी.जी.आई. की आक्सीजन सप्लाई को बाधित कर दिया है। मामला डेराबस्सी से पी.जी.आई. को मिलने वाली आक्सीजन सप्लाई से जुड़ा है। 

बढ़ते केसों के कारण पी.जी.आई. ने हाल ही में अपनी बैड कैपेसिटी को बढ़ाया है। इसके कारण पी.जी.आई. की आक्सीजन आपूर्ति रोजाना 20 एम.टी. से बढ़ गई है। इसके चलते पी.जी.आई. डेराबस्सी के एनेस्थेटिक गैसिस प्राइवेट लिमिटिड से सप्लाई ले रहा था लेकिन शनिवार शाम को अचानक चंडीगढ़ प्रशासन ने यह कहते हुए सप्लाई रोक दी कि पी.जी.आई. अवैध तरीके से सप्लाई ले रहा है, जिसे तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। इस मामले में पी.जी.आई. ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा है कि ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने से मरीजों में तनाव की स्थिति ओर पैदा होगी जिससे चीजें बिगड़ेंगी। 

वहीं, जब विवाद बढ़ा तो प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर को दखल देना पड़ा। रात 10.55 मिनट पर प्रशासक बदनौर ने ट्वीट कर कहा कि पी.जी.आई. चंडीगढ़ व अन्य राज्यों के लिए संजीवनी है। उन्होंने कहा कि वे पी.जी.आई. में ऑक्सीजन की कमी कतई नहीं होने देंगे। साथ ही बदनौर ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने पी.जी.आई. को तत्काल 3 एम.टी. ऑक्सीजन आवंटित की।  

बाकी सरकारी व निजी अस्पतालों के लिए भी जरूरी: प्रशासन
उधर, चंडीगढ़ प्रशासन ने अपना बचाव करते हुए कहा कि मंत्रालय की तरफ से चंडीगढ़ को 40 एम.टी. ऑक्सीजन आवंटित की गई है, जिसमें से 20 एम.टी. ऑक्सीजन पहले से ही पी.जी.आई. को जा रही है। बाकी की ऑक्सीजन शहर के सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में जानी जरूरी है। पी.जी.आई. ने केंद्र सरकार के पास 40 एम.टी. ऑक्सीजन की मांग रखी थी। इस पर चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा कि पी.जी.आई. की इस मांग को पूरा करने में प्रशासन द्वारा सहयोग दिया गया है। 

मरीजों की परेशानी बढ़ेगी
ऑक्सीजन सिलैंडर की सप्लाई को मना करने के साथ ही पी.जी.आई. में कोविड मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। एनेस्थेटिक गैसेस प्राइवेट लिमिटेड डेराबस्सी ने पी.जी.आई. को ऑक्सीजन देने से मना कर दिया है। 

पी.जी.आई. प्रशासन को बताया गया कि बी टाइप मैडीकल ऑक्सीजन गैस सिलैंडर्स की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है। पी.जी.आई. प्रशासन ने शनिवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से बनाई गई एक टीम, जिसमें नोडल ऑफिसर समेत तीन बड़े ऑफिसर्स शामिल हैं, उन्होंने पी.जी.आई. को ऑक्सीजन सिलैंडर देने से मना किया है, जब तक कि अगले आदेश नहीं आते।

ऑक्सीजन नहीं मिलेगी तो एडमिट नहीं कर पाएंगे मरीज
पी.जी.आई. प्रशासन का कहना है कि नेहरू एक्सटैंशन को कोविड हॉस्पिटल बताया गया है। पी.जी.आई. को ऑक्सीजन का 20 एम.टी. कोटा एक दिन में अलॉट किया गया है। पिछले कुछ हफ्तों से हॉस्पिटल में मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी है। ऐसे में हॉस्पिटल 20 एम.टी. कोटे तक पहुंच गया है। कोविड मरीजों की संख्या को देखते हुए हमें और ऑक्सीजन की जरूरत है। हमने बैड बढ़ा दिए हैं। अगर पी.जी.आई. का ऑक्सीजन कोटा नहीं बढ़ाया गया तो यहां और मरीजों को एडमिट नहीं किया जा सकेगा। न ही बैड की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tania pathak

Recommended News

Related News