Punjab में पुलिस और गैंगस्टर के गुर्गों के बीच मुठभेड़, फायरिंग से इलाके में सनसनी
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 08:12 PM (IST)
तरनतारन (रमन): तरणतारन के गांव सभरा बान इलाके में पुलिस और गैंगस्टर के गुर्गों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, सीआईए स्टाफ तरनतारन को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव सभरा बान क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं, जो फिरौती मांगने के धंधे से जुड़े हुए हैं। सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ और थाना सदर पट्टी की पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी की।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस पार्टी को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

घायल आरोपी की पहचान सिद्धकप्रीत सिंह निवासी गांव कोट बुड्ढा, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान सन्नी के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घायल सिद्धकप्रीत सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और एक पिस्तौल भी बरामद की है। इस पूरे मामले की पुष्टि एसएसपी सुरिंदर लांबा ने की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

