Canada में जबरन वसूली का मामला, एक और पंजाबी युवक वॉन्टेड लिस्ट में शामिल
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 11:33 AM (IST)
पंजाब डेस्क : कनाडा में कैलगरी पुलिस ने दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर की जा रही एक्सटॉर्शन और फायरिंग के मामले की जांच में एक और पंजाबी युवक को वांछित घोषित किया है। पुलिस इस केस में अब तक दो वयस्कों और एक नाबालिग को आरोपी बना चुकी है। इनमें 23 वर्षीय पंजाबी मूल की महिला भी शामिल है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह मामला 25 मार्च का है, जिसमें पीड़िता को व्हाट्सएप पर संपर्क कर पैसे मांगे गए थे और पीड़िता की निजी और कारोबारी जानकारी का इस्तेमाल कर हिंसा की धमकियां दी गई थी। धमकी दिए जाने के लगभग 12 घंटे बाद, सुबह 4:30 बजे के करीब एक अज्ञात आरोपी ने पीड़िता के घर पर गोलियां चलाईं और चोरी की गाड़ी में सवार होकर फरार हो गया।
इस मामले की जांच के दौरान CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने 8 सितंबर, 2026 को चेस्टरमेयर की 23 साल की कनूरित कौर को गिरफ्तार किया। उस पर पीड़ित की पर्सनल जानकारी देने का आरोप है, जिससे हमलावरों को पीड़ित को ढूंढने और धमकाने में मदद मिली। कनूरित कौर पर जबरन वसूली का एक मामला दर्ज किया गया है और उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है, जिसकी कोर्ट में पेशी मंगलवार, 6 अक्टूबर को होगी।

इससे पहले 29 जुलाई को, पुलिस ने एक 17 साल के नाबालिग लड़के को भी गिरफ्तार किया था, जिस पर पीड़ित और धमकी देने वाले लोगों के बीच बातचीत कराने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। 'यूथ क्रिमिनल जस्टिस एक्ट' के नियमों के तहत उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है और उसे भी रिहा कर दिया गया है।
पुलिस अब कैलगरी के 21 साल के तनवीर सिंह की तलाश कर रही है, जिस पर शूटिंग में इस्तेमाल की गई चोरी की गाड़ी से जुड़े मामले में 5,000 डॉलर से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति रखने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि तनवीर सिंह की लंबाई 5 फीट 8 इंच, वजन लगभग 130 पाउंड, बाल काले और आंखें भूरी हैं। CPS क्रिमिनल ऑपरेशंस एंड इंटेलिजेंस डिवीजन के सुपरिंटेंडेंट जेफ बेल ने कहा कि ये गिरफ्तारियां जांच का एक अहम हिस्सा हैं, लेकिन केस अभी भी चल रहा है। पुलिस बाकी लोगों की पहचान करने में जनता से मदद मांग रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

