Punjab: नकली माइनिंग अफसर बन टिपर चालकों से ''गुंडा टैक्स'' वसूलने वाले 2 काबू, मामला दर्ज
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 07:30 PM (IST)
हाजीपुर (जोशी): हाजीपुर पुलिस ने क्षेत्र में फर्जी माइनिंग अधिकारी बनकर टिपर ड्राइवरों से 'गुंडा टैक्स' के नाम पर अवैध वसूली करने वाले 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार करके बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के संबंध में जानकारी देते हुए एस.एच.ओ. हरप्रेम सिंह ने बताया कि पुलिस को क्षेत्र से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ फर्जी खनन अधिकारी अवैध नाके लगाकर टिपर चालकों को डरा-धमका रहे हैं और उनसे जबरन पैसे वसूल रहे हैं। इन शिकायतों पर तुरंत एक्शन लेते हुए आज माइनिंग विभाग के कर्मचारियों और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने दगन अड्डे पर छापेमारी करके दो लोगों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रविंदर सिंह पुत्र महेंगा राम और हरप्रीत सिंह पुत्र किशन सिंह (दोनों निवासी गांव बल्लो चौहान) के रूप में हुई है। एस.एच.ओ. ने बताया कि यह दोनों आरोपी खुद को माइनिंग विभाग के उच्च अधिकारी बताकर टिपर वालों से गुंडा टैक्स वसूलते थे। पुलिस द्वारा दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

