गुरुद्वारा साहिब में जाकर सौतेले बेटों ने बाप को पीट-पीटकर मार डाला

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2020 - 10:01 PM (IST)

लुधियाना (राज): दूसरे पति से हुए बेटों को यह गवारा नहीं हुआ कि उनकी मां फिर से अपने पहले पति के पास चली गई। इसी रंजिश में दोनों युवकों ने गांव तलवाड़ा में स्थित गुरुद्वारा साहिब में बतौर ग्रंथी अपनी मां के पहले पति को इतना पीटा कि उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक गुरमेल सिंह (55) मूल रूप से जगराओं और हाल ही में गांव तलवाड़ा स्थित गुरूद्वारा में ग्रंथी सेवा करता था। मृतक के शव को थाना पी.ए.यू. की पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इस मामले में पुलिस ने मृतक की बहन के बयानों पर सौतेले बेटों जसदीप सिंह और जसप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी तक दोनों आरोपी फरार है।

जानकारी के मुताबिक गुरमेल सिंह की 30 साल पहले शिंदर कौर के साथ शादी हुई थी। उनके कोई औलाद नहीं थी। दो साल बाद दोनों का पंचायती तलाक हो गया था। इसके बाद शिंदर कौर ने दूसरी शादी कर ली थी। दूसरी शादी से शिंदर के दो बेटे हुए, जसप्रीत सिंह और जसदीप सिंह। सात साल पहले शिंदर कौर के दूसरे पति की मौत हो गई थी। तब से वह अकेली ही थी। कुछ महीनों से फिर शिंदर कौर, ने अपने पहले पति गुरमेल सिंह से मेल-जोल बढ़ाना शुरू कर दिया था। इस बीच गुरमेल सिंह गांव तलवाड़ा स्थित शहीदा दा गुरूद्वारा में बतौर ग्रंथी सेवा कर रहा था। शिंदर कौर, उसके साथ ही रहने लग गई थी। यह बात शिंदर कौर के दोनों बेटों को पसंद नहीं थी। उन्होने कई दफा अपनी मां से कहा कि वह गुरमेल सिंह को छोड़ दें। मगर शिंदर कौर, गुरमेल सिंह के पास ही रहती रही।

एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर परमदीप सिंह का कहना है कि 29 जून की रात को दोनों बेटे जसप्रीत सिंह और जसदीप सिंह गुरूद्वारा साहिब पहुंचे थे। जिन्होंने गुरमेल सिंह से बुरी तरह मारपीट की। इस दौरान गुरमेल सिंह के सिर पर चोट लग गई। इसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घायल गुरमेल सिंह ने इसके बाद अपनी बहन को कॉल कर सारी घटना बताई। उसकी बहन आकर उसे पहले ई.एस.आई. अस्पताल लेकर गई। जहां से उसे चंड़ीगढ़ स्थित सेक्टर-32 के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। जहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। परमदीप सिंह का कहना है कि आरोपियों को पकडऩे के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News