Ludhiana में बेखौफ चोरों का आतंक, बंद मकान के ताले तोड़कर नकदी व जेवरात पर किया हाथ साफ

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 08:48 AM (IST)

लुधियाना (राज): चोरों के हौंसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े भी लोगों के आशियाने सुरक्षित नहीं रहे। ताजा मामला थाना सदर के अधीन आते धांदरा रोड स्थित गोल्डन सिटी-2 का है, जहां शातिर चोरों ने एक बंद मकान को अपना निशाना बनाया। इस दौरान चोर घर से करीब 1 लाख 38 हजार रुपए की नकदी सहित भारी मात्रा में सोने व चांदी के जेवरात उड़ा लिए। 

घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित परिवार घर को ताला लगाकर अपने काम पर गया हुआ था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित की शिकायत पर 2 आरोपियों को नामजद कर लिया है और उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गोल्डन सिटी-2 के निवासी कमलेश ने बताया कि बीते 24 अप्रैल को वह हर रोज की तरह सुबह अपने घर को ताला लगाकर काम पर निकल गया था। घर में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था। दोपहर करीब 2:30 बजे जब उसकी पत्नी सुषमा घर लौटी तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। उसने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान खुर्द-बुर्द पड़ा था। शोर मचाने पर जब आसपास के लोग इकट्ठा हुए और घर की तलाशी ली गई तो पता चला कि अलमारी में रखे 1 लाख 38 हजार रुपए नकद गायब थे। इसके अलावा चोरों ने 2 ग्राम का सोने का लॉकेट, 100 ग्राम की चांदी की पायल, सोने के टॉप्स, चांदी का कमरबंद और बच्चों के सोने व चांदी के करीब 6 लॉकेट पर हाथ साफ कर दिया था।

वारदात के बाद सहमे हुए परिवार ने तुरंत थाना सदर की पुलिस को सूचित किया। पीड़ित परिवार ने अपने स्तर पर भी पड़ताल की, जिसमें हरजिंदर सिंह और मनजीत सिंह नामक व्यक्तियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने कमलेश के बयानों के आधार पर गहन जांच की और पुख्ता सबूत मिलने के बाद 29 अप्रैल को दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजकर चोरी का सामान बरामद कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News