ISI और पाकिस्तानी सेना से संपर्क के आरोप में 2 सैन्यकर्मियों समेत 3 पर FIR, महिला भी शामिल
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 09:16 PM (IST)
फरीदकोट (राजन): देश की सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आई.एस.आई. और पाकिस्तानी सेना तक पहुंचाने के गंभीर आरोपों के तहत इंटेलिजेंस विंग के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, फाजिल्का की ओर से तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में एक महिला सहित दो सैन्यकर्मी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों सैन्यकर्मी भारत-चीन सीमा पर तैनात हैं। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस संबंध में 8 अक्टूबर 2026 को स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, फाजिल्का में एफ.आई.आर. नंबर 0024 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 के तहत कार्रवाई की गई है।
दर्ज एफ.आई.आर. के अनुसार, आरोपियों पर कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आई.एस.आई. और पाकिस्तानी सेना के संपर्क में रहकर देश की सुरक्षा से संबंधित गोपनीय सूचनाएं साझा करने के आरोप हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तौर पर कौन-सी संवेदनशील जानकारियां साझा की गईं और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
मामले में भारतीय सेना से जुड़े कर्मियों के नाम सामने आने के कारण इसे देश की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

