पटाखे की चिंगारी ने मचाई तबाही! कबाड़ की दुकान में लगी भीषण आग, 15 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 11:22 AM (IST)

पठानकोट (हरजिंदर सिंह गोराया): दीवाली की रात पठानकोट के व्यस्त ढाकी इलाके में रात करीब 10 बजे एक कबाड़ की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। दुकान से उठती आग की ऊंची लपटों और घने धुएं के कारण इलाके में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण पटाखे की चिंगारी या कोई जलता हुआ पटाखा बताया जा रहा है।

दुकान के मालिक संजीव कुमार महाजन ने बताया कि वह दुकान बंद करके परिवार के साथ मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान होने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों को आग बुझाने के काम में लगाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस संबंध में जांच अधिकारी एएसआई दविंदर पाल ने बताया कि आग लगने की घटना पूर्व पार्षद राज कुमार के घर के पास स्थित कबाड़ की दुकान में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के असली कारणों की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News