लुधियाना में ट्रांसफॉर्मर में लगी भीषण आग, जोरदार धमाकों से दहला पूरा इलाका
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 12:31 PM (IST)
लुधियाना (खुराना): महानगर के पॉश इलाकों में शामिल हम्बड़ा रोड स्थित डेयरी परिसर के पास देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बिजली ट्रांसफॉर्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद ट्रांसफॉर्मर और बिजली लाइनों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा।
धमाकों के तुरंत बाद पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप
घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफॉर्मर से उठ रही आग की ऊंची लपटें आसमान तक दिखाई दे रही थीं, जबकि लगातार हो रहे धमाकों की आवाज काफी दूर तक सुनाई दे रही थी। इलाका निवासियों ने बताया कि धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को लगा मानो किसी बड़े विस्फोट की घटना हुई हो। धमाकों के तुरंत बाद पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई, जिससे अंधेरा फैल गया। डर के माहौल में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और कई लोग छतों पर चढ़कर धमाकों की वजह जानने की कोशिश करते नजर आए।
गौरतलब है कि जिस स्थान पर ट्रांसफॉर्मर में आग लगी, उसके बिल्कुल पास शराब का ठेका भी स्थित है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बाजार बंद थे, वरना भीड़भाड़ वाले इलाके में बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जिस जगह पर बिजली के ट्रांसफॉर्म को भयानक आग लगी ठीक उसी के पास शराब का एक ठेका भी है l गनीमत रही कि देर रात को जिस समय हादसा हुआ उस समय इलाके के बाजार बंद पड़े हुए थे नहीं तो भीड़भाड वाले इस इलाके में कोई जानी माली होने जैसी आशंकाओं को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता है l

