पूर्व सरपंच ह/त्याकांड की गुत्थी सुलझी: डेढ़ कनाल जमीन के विवाद में रची थी खूनी साजिश, 2 गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 03:52 PM (IST)

लुधियाना (राज): गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह की दिनदहाड़े गोलियां मारकर की गई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को लुधियाना पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है। शुरुआती जांच में जहां शक की सुई पारिवारिक रंजिश के चलते परिजनों पर घूम रही थी, वहीं तकनीकी जांच और खुफिया इनपुट ने इस पूरे मामले से पर्दा उठा दिया।

पुलिस के अनुसार, इस जघन्य हत्याकांड की नींव महज डेढ़ (1.5) कनाल जमीन के विवाद को लेकर रची गई थी। सीआईए (CIA) स्टाफ और थाना पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में पिता-पुत्र समेत 4 आरोपियों को नामजद किया गया है, जिनमें से दो मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, सिर्फ दोस्ती की खातिर पूर्व सरपंच पर गोलियां बरसाने वाले ब्रेड कंपनी के ड्राइवर और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।

पारिवारिक रंजिश से हटकर डेढ़ कनाल जमीन के विवाद तक पहुंची जांच

वारदात के तुरंत बाद गांव और परिवार के बीच पुरानी गुटबाजी को देखते हुए प्राथमिक शक मृतक के ताया/चाचा की तरफ गया था। पुलिस कमिश्नर द्वारा गठित CIA स्टाफ और लाडोवाल पुलिस की विशेष टीमों ने जब मोबाइल डंप डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया, तो जांच का रुख पूरी तरह बदल गया। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि हत्या की असली जड़ महज डेढ़ कनाल जमीन का विवाद थी। यह जमीन पूर्व सरपंच नवतेज सिंह की बहन से संबंधित थी, जिस पर कब्जे को लेकर आरोपियों के साथ लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी और इसका विवाद अदालत में भी विचाराधीन था।

दोस्ती निभाने के लिए ब्रेड कंपनी के ड्राइवर ने चलाई थी गोली

जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि जिस मुख्य शूटर ने नवतेज सिंह पर गोलियां चलाईं, उसकी पूर्व सरपंच से कोई निजी रंजिश या विवाद नहीं था। जमीन विवाद में उलझे साजिशकर्ताओं ने अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर एक ब्रेड कंपनी में ड्राइवर का काम करने वाले युवक को इस खूनी खेल में शामिल किया। उक्त ड्राइवर ने महज अपने दोस्त का साथ देने और दोस्ती निभाने के फेर में पूर्व सरपंच पर गोलियां बरसा दीं।

पिता-पुत्र गिरफ्तार, दो फरार शूटरों की तलाश में रेड

इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने 14 अक्टूबर को 4 आरोपियों को नामजद किया  है। इनमें गिरफ्तार आरोपियों में रूर सिंह पुत्र मुनशा सिंह (निवासी पत्ती चोहले, कुतबवाल गुजरां, लुधियाना), जसविंदर सिंह उर्फ राजा पुत्र रूर सिंह (निवासी कुतबवाल गुजरां, लुधियाना) है। वहीं मनजिंदर सिंह उर्फ गोरू और हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत सिंह अभी फरार हैं। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साजिशकर्ता पिता-पुत्र रूर सिंह और जसविंदर सिंह राजा को दबोच लिया, जिन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वारदात में इस्तेमाल हथियार व वाहन की बरामदगी और फरार दोनों आरोपियों मनजिंदर गोरू व हरप्रीत प्रीत की धरपकड़ के लिए सीआईए की कई टीमें पंजाब और पड़ोसी राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि फरार कातिलों को शरण देने या उनकी मदद करने वालों के खिलाफ भी सह-आरोपी के तौर पर कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

खेतों से लौटते समय साउथ सिटी रोड पर बरसाई थीं गोलियां

गौरतलब है कि कृष्णा नगर (घूमार मंडी) निवासी पूर्व सरपंच नवतेज सिंह गत 3 अक्टूबर की शाम को गांव मनेवाल में अपनी 30 से 35 एकड़ जमीन पर चल रहे कृषि कार्य को देखकर इनोवा कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी लाडोवाल टोल प्लाजा पार कर साउथ सिटी रोड पुल की तरफ मुड़ी, पंजाब फूड ऑफिस के नजदीक घात लगाए बैठे बाइक सवार दो नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। गंभीर रूप से घायल नवतेज सिंह की अस्पताल में मौत हो गई थी। इस मामले में थाना लाडोवाल में 4 अक्टूबर को एफआईआर नंबर 167 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News