मालवा को बड़ी सौगात, वर्षों पुरानी समस्या का होगा हल, मिलेगी राहत

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 05:56 PM (IST)

फिरोजपुर : फिरोजपुर में लेवल क्रॉसिंग नंबर 164 ए.बी., दोराहा पर बनने वाला 4 लेन रेलवे ओवरब्रिज क्षेत्र के लिए बड़ी राहत साबित होगा। यह परियोजना मालवा क्षेत्र, पंजाब की राजधानी और आसपास के जिलों के बीच यातायात को आसान बनाएगी तथा लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या को कम करेगी।

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया कि लगभग 70.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ओवरब्रिज अगले एक वर्ष के भीतर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द ही तेज गति से शुरू किया जाएगा ताकि इसे शीघ्र जनता के लिए खोला जा सके। पिछले करीब 12 वर्षों से इस रेलवे फाटक पर लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।

मंत्री के अनुसार, पंजाब में इस समय 166 स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज, अंडरब्रिज और लो-हाइट सबवे के निर्माण कार्य जारी हैं, जिन पर कुल 1,480.09 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में रेल ढांचे के विकास के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध है और सरकार नेटवर्क को आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी बताया कि 2009–2014 के मुकाबले पंजाब के लिए रेलवे का वार्षिक बजट आवंटन अब लगभग 25 गुना बढ़कर 5,673 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वर्तमान में राज्य में करीब 26,382 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें नई रेल लाइनें बिछाना, स्टेशनों का नवीनीकरण, सुरक्षा सुधार और क्षमता बढ़ाने के कार्य शामिल हैं। इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब के 30 रेलवे स्टेशनों का लगभग 1,311 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News