Punjab में सरकारी दफ्तरों का कामकाज होगा प्रभावित, 7 से 11 दिसंबर तक कर्मचारियों का संघर्ष

punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 11:06 AM (IST)

फिरोजपुर (परमजीत): पंजाब के डीसी कार्यालयों के कर्मचारियों ने अपनी मांगों का समाधान न होने पर संघर्ष का रास्ता अपना लिया है। इस संबंध में डीसी कार्यालय फिरोजपुर कर्मचारी यूनियन के सदस्यों मेहताब सिंह, बलदेव सिंह, दर्शन कौर, गुरतेज सिंह, बलजीत कौर और दिनेश कुमार ने बताया कि 30 जून 2026 और 27 जुलाई 2026 को पंजाब भवन, चंडीगढ़ में राजस्व मंत्री पंजाब के साथ विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में बैठकें हुई थीं।

उन्होंने कहा कि इन बैठकों को हुए करीब 4 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कर्मचारियों की मांगों का कोई समाधान नहीं हुआ है। इसके अलावा यूनियन के साथ दोबारा बातचीत भी नहीं की गई। इसी के विरोध में राज्य के सभी डीसी कार्यालयों के कर्मचारी 7 से 9 दिसंबर तक तीन दिन कलमबंद और कंप्यूटर बंद हड़ताल करेंगे। इस दौरान हर दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक धरना दिया जाएगा।

यूनियन नेताओं ने बताया कि इसके बाद 10 और 11 दिसंबर को डीसी, एसडीएम, तहसील और सब-तहसील कार्यालयों के सभी कर्मचारी सामूहिक छुट्टी पर रहेंगे, जिसके चलते इन कार्यालयों में कामकाज बंद रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बावजूद मांगों का समाधान नहीं किया गया तो संघर्ष के अगले चरण का ऐलान किया जाएगा। इस मौके पर कुलदीप सिंह, सुखविंदर सिंह, मुकेश मित्तल सहित यूनियन के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News