Gold Trading में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी,हैरत में डाल देगा मामला
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 09:12 AM (IST)
लुधियाना, (राज): गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 1 करोड़ 2 लाख रुपये की बड़ी ठगी करने और पैसे वापस मांगने पर परिवार को जान से मारने की धमकियां देकर फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांच के बाद थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों ने पैसे लौटाने से किया साफ इनकार
पुलिस को दी गई शिकायत में पंकज महिंद्रा ने बताया कि आरोपियों ने आपसी मिलीभगत और सुनियोजित साजिश के तहत उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने उन्हें गोल्ड ट्रेडिंग में पैसे लगाने पर मोटा मुनाफा और सुनिश्चित रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 2 लाख रुपय निवेश के लिए आरोपियों को सौंप दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूल राशि लौटाई गई, तो उन्होंने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और अमानत में खयानत की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने व जान से मारने की धमकियां दिलवाना शुरू कर दिया और उल्टा पीड़ित से ही फिरौती की मांग करने लगे।
एक दूसरे मामले में आरोपियों मॉडल टाउन के रहने वाले डॉक्टर हरपाल सिंह के साथ भी गोल्ड में निवेश के नाम पर 64 लाख 80 हजार की धोखाधड़ी की है। जोकि थाना मॉडल टाउन में आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

