Instagram Star के साथ दोस्ती पड़ी भारी; पेट्रोल पंप पर युवक को घेरकर तेजधार हथियारों से किया लहूलुहान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 10:11 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में सोशल मीडिया की शोहरत अब खूनी रंजिश का सबब बनती जा रही है। एक ताजा मामले में टिब्बा रोड स्थित पेट्रोल पंप पर कुछ युवकों ने एक NRI युवक को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह मशहूर इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर 'टोनी' का दोस्त है। हमलावरों ने न केवल युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसका मोबाइल छीनकर जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। थाना टिब्बा की पुलिस ने मुख्य आरोपी 'स्टार बॉय' और उसके 7-8 अज्ञात साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित युवक जतिन ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह अपने दोस्त शिवम के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने गया था। वहां पहले से ही मोटरसाइकिल सवार 'स्टार बॉय' अपने 7-8 साथियों के साथ घात लगाकर खड़ा था। जैसे ही पीड़ित वहां पहुंचा, हमलावरों ने उसका रास्ता रोक लिया। हमलावरों ने पीड़ित को धमकाते हुए कहा, "तू खुद को बहुत बड़ा समझता है? तू फेमस इंस्टाग्राम बॉय टोनी के साथ क्यों घूमता है?"

पीड़ित ने बचाव में कहा कि वह अभी एक महीना पहले ही मलेशिया से वापस आया है और उसका किसी विवाद से कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन फिर भी आरोपी 'स्टार बॉय' ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित का मोबाइल फोन भी छीन ले गए और जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News