Ludhiana में सरेबाजार गुंडागर्दी, चाचा-भतीजा पर जानलेवा हथियारों से Attack

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 10:34 AM (IST)

लुधियाना(राज):  प्रताप चौक इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश के चलते करीब एक दर्जन हमलावरों ने एक 16 वर्षीय किशोर और उसे बचाने आए उसके चाचा पर लोहे की रॉड और तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी स्कॉर्पियो और एक अन्य गाड़ी में सवार होकर हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने आरोपी पंकज युद्धवंशी, कुशल वर्मा, साहिब सिंग और उनके अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर लिया है।

वारदात की जानकारी देते हुए पीड़ित पक्ष विक्रमजीत वर्मा ने  बताया कि  उसके 16 वर्षीय बेटे शौर्य वर्मा ने अपने चाचा विकास वर्मा को फोन कर जान बचाने की गुहार लगाई थी। शौर्य ने छिपकर फोन करते हुए बताया था कि प्रताप चौक के पास कुछ लोग उसे घेरकर बुरी तरह पीट रहे हैं। सूचना मिलते ही शौर्य के पिता, उनकी पत्नी पूजा वर्मा, भाई विकास और भाभी ज्योति वर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां करीब 10-12 अज्ञात युवक शौर्य को सड़क पर पटक कर बेरहमी से पीट रहे थे।

 जब विकास वर्मा अपने भतीजे को बचाने के लिए आगे बढ़ा, तो हमलावरों ने उस पर भी हमला बोल दिया। परिजनों ने हाथ जोड़कर मिन्नतें कीं और रहम की भीख मांगी, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। हमलावरों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए लोहे की रॉड और घातक हथियारों से दोनों को लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद आरोपी अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो और एक अन्य कार में सवार होकर फरार हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News