Ludhiana में थाने के बाहर भड़काऊ Reel बनाना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 09:35 AM (IST)

लुधियाना (राज): सोशल मीडिया पर सस्ता प्रचार पाने की चाह में एक युवक को थाने के बाहर भड़काऊ वीडियो बनाना भारी पड़ गया। आपत्तिजनक भाषा और माहौल खराब करने वाली सामग्री के साथ बनाई गई इस रील के वायरल होते ही थाना डेहलों पुलिस हरकत में आ गई।

आरोपी युवक की पहचान कर  किया गिरफ्तार
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई को ऐसे लोगों के लिए सख्त चेतावनी माना जा रहा है जो सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर समाज में अशांति फैलाने की कोशिश करते हैं। दरअसल, आरोपी युवक का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें वह थाना डेहलों के बाहर खड़े होकर भड़काऊ शब्दों का इस्तेमाल कर रहा था।

खूब वायरल हो रही वीडियो
वीडियो में बैकग्राउंड आवाज के जरिए यह कहा जा रहा था कि “गाड़ी स्टार्ट रखो, दो लोग थाने के अंदर जाएंगे और फायरिंग करेंगे, जब तक पुलिस को पता चलेगा, तब तक बेबे को भगा ले जाएंगे।” इस पूरी रील को युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया, जिसके बाद यह तेजी से फैल गई। वीडियो सामने आते ही साइबर सेल और स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या सोशल मीडिया के जरिए शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस की एडवाइजरी: जिम्मेदारी से करें सोशल मीडिया का इस्तेमाल
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने आम जनता, खासकर युवाओं के लिए एडवाइजरी जारी की है। साइबर क्राइम के एसएचओ सतबीर सिंह ने अपील की है कि लोग सोशल मीडिया पर कोई भी ऐसी पोस्ट या वीडियो साझा न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि तकनीक का उपयोग विकास के लिए करें, न कि अपराध के लिए।फिलहाल, गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इस वीडियो के पीछे किसी और का हाथ तो नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News