Ludhiana में दिनदहाड़े गुंडागर्दी, मौके पर ही आरोपियों की गिरफ्तारी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 06:55 PM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन): लुधियाना के भारत नगर चौक इलाके में मंगलवार को सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कुमार मंडी स्थित क्लासिक मोबाइल के मालिक योगेश खोसला से जुड़े एक विवाद के चलते कुछ लोगों ने इलाके में दबंगई दिखाने की कोशिश की।
इस दौरान अकाली दल से जुड़े इंदरजीत सिंह गोला का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि उनके साथ कई अन्य अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद थे, जिन्होंने मिलकर इलाके में माहौल खराब करने और भय का वातावरण बनाने का प्रयास किया। घटना के दौरान दुकानदारों और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया।
खास बात यह रही कि पुलिस पहले से ही मौके पर मौजूद थी और हालात को भांपते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को वहीं काबू कर लिया, जिससे स्थिति बिगड़ने से पहले ही नियंत्रित हो गई। गनीमत यह रही कि पहले से बरती गई मुस्तैदी के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया, वरना हालात गंभीर हो सकते थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की अमन-शांति भंग करने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

