Ludhiana में Train और बोलेरो की टक्कर, Mock Drill के बीच फंसे यात्री निकाले
punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 01:51 PM (IST)
लुधियाना (गौतम): लुधियाना में शुक्रवार सुबह करीब 10: 30 बजे रेलवे विभाग के कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि यार्ड में शटिंग के दौरान पैसेजर ट्रेन की बोलेरो के साथ टक्कर हो गई है । जिस कारण एक कोच डिरेल हो गया और कोच के पिछले चक्के पटरी से उतर गए है, जिससे आग लग गई है। कोच में दर्जन के करीब यात्री फंसे हुए है ।

सूचना मिलते ही रेलवे विभाग की एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन, NDRF, स्थानीय पुलिस, GRP, RPF, एंबुलेंस, सिविल डिफेंस और अन्य विभागों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अधिकारियों ने बाद में स्पष्ट किया कि यह पूरी घटना एक मॉक ड्रिल का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों और संबंधित एजेंसियों की आपातकालीन स्थिति में तैयारियों को परखना था। यह अभ्यास स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान यह जांचा गया कि किसी बड़े रेल हादसे की स्थिति में बचाव टीमें कितनी तेजी से प्रतिक्रिया देती हैं और यात्रियों को सुरक्षित निकालने में कितना समय लगता है। अभ्यास के दौरान कोच में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए कोच को काटने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। अधिकारियों के अनुसार सूचना मिलने के मात्र 15 मिनट के भीतर राहत कार्य शुरू कर दिया गया था।

