Ludhiana : बच्ची के साथ गलत हरकत वाले को लोगों ने घेरा, मौके पर हुआ भारी हंगामा

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 03:56 PM (IST)

लुधियाना(गणेश/सचिन): लुधियाना के टिब्बा रोड इलाके से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 8 साल की मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर गलत हरकत करने के आरोप में इलाके के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव जैसा माहौल बन गया और लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

बताया जा रहा है कि बच्ची दोपहर के समय स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान इलाके में रहने वाले एक बुजुर्ग ने उसे अपने पास बुलाया। आरोप है कि आरोपी बच्ची को बहाने से सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने लगा। बच्ची के रोने और चिल्लाने पर आरोपी ने उसे डराया-धमकाया और किसी को कुछ न बताने की बात कही।

डरी हुई बच्ची किसी तरह वहां से निकली और रोते हुए घर पहुंची। बच्ची की हालत देखकर परिवार घबरा गया। जब बच्ची ने पूरी घटना बताई तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। धीरे-धीरे यह खबर पूरे मोहल्ले में फैल गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला।

शनिवार सुबह मोहल्ले की महिलाएं और स्थानीय लोग आरोपी की तलाश में निकल पड़े। लोगों को आरोपी एक फैक्ट्री के अंदर मिला, जहां उसे घेर लिया गया। मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान आरोपी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना भी सामने आई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना टिब्बा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News