Ludhiana में दर्दनाक हादसा: ट्राले ने एक्टिवा सवार 2 युवकों को कुचला, मौके पर मौ+त

punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 08:37 AM (IST)

लुधियाना (गौतम) : फोकल प्वाइंट इलाके में ढंडारी पुल के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्राले के टायर दोनों युवकों के सिर के ऊपर से गुजर गए, जिससे उनके चेहरे पहचानने लायक नहीं रहे। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूरज साइकिल इंडस्ट्री में काम करता था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन राहगीरों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही थाना फोकल प्वाइंट के अधीन पड़ती जीवन नगर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद खून से लथपथ दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस को एक्टिवा की तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर एक युवक की पहचान मोती नगर निवासी 40 वर्षीय आनंद कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आनंद कुमार फोकल प्वाइंट फेस-5 स्थित सूरज साइकिल इंडस्ट्री में काम करता था और हादसे के समय ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। एक्टिवा वही चला रहा था, जबकि दूसरा युवक पीछे बैठा हुआ था।

चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
दूसरे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। हादसे की सूचना मिलते ही आनंद कुमार के परिजन मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। थाना फोकल प्वाइंट में तैनात एएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्राला और एक्टिवा दोनों को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है कि दुर्घटना किसकी लापरवाही से हुई। वहीं, दूसरे युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News