Ludhiana में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 3 दोस्तों को कुचला, 19 वर्षीय आदित्य की अस्पताल में मौ+त

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 09:00 AM (IST)

लुधियाना (राज); महानगर के जसपाल बांगर रोड पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार मिला है। यहां एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन दोस्तों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में तीनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां जख्मों का ताव न सहते हुए एक 19 साल के मासूम नौजवान ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके दो अन्य दोस्त जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। वारदात के बाद आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया गया। पीड़ित पिता राम सजीवर के बयानों पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित युवक के बदनसीब पिता ने रोते हुए बताया कि उनका 19 वर्षीय बेटा आदित्य बीती 17 जून को अपने दो दोस्तों पवन और राहुल के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी निजी घरेलू काम के सिलसिले में गया हुआ था। तीनों दोस्त आपस में बातचीत करते हुए जसपाल बांगर रोड से गुजर रहे थे। जब उनका बेटा आदित्य, पवन और राहुल मोटरसाइकिल पर सवार होकर जसपाल बांगर रोड पर स्थित कंगनवाल के पास शराब के ठेके के नजदीक पहुंचे, तो अचानक सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक (नंबर: HR-39-G-2625) के चालक ने अपने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे। सड़क पर दूर तक खून बिखर गया और तीनों तड़पने लगे।

हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और मामले की सूचना फोन के जरिए पीड़ित के पिता को दी। तीनों घायल युवकों को लहूलुहान हालत में तुरंत मोहन दई ओसवाल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने आदित्य को बचाने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन सिर और छाती पर गंभीर चोटें आने के कारण इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई। 19 साल के जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पवन और राहुल की हालत भी नाजुक बनी हुई है। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही थाना सहनेवाल पुलिस की टीम ने अस्पताल पहुंचकर मृतक आदित्य के शव को कब्जे में लिया और पिता के विस्तृत बयान दर्ज किए। पुलिस ने ट्रक चालक जगदीश मल्होत्रा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News