मंदिर जा रहे परिवार पर टूटा कहर! तेज रफ्तार अर्टिगा ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौ+त

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 08:43 AM (IST)

लुधियाना(राज): मॉडल टाउन इलाके के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार के चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारियों से भरा ऑटो बीच सड़क पर ही पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो में सवार एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया।

पुलिस को दिए बयानों में दशरथ प्रसाद ने बताया कि बीती 7 जून को वह अपने भाई के लड़के मनु कुमार, शारदा देवी, संजय कुमार, अंशु कुमारी, अभिनंदन, साक्षी और रिया के साथ एक ऑटो बुक करके कृष्णा मंदिर, मॉडल टाउन, लुधियाना के लिए निकले थे। ऑटो में आगे ड्राइवर के साथ संजय कुमार बैठा हुआ था और मनु कुमार बीच में परिवार के बाकी सदस्यों के साथ बैठा था। पीड़ित ने बताया कि जब उनका ऑटो दुगरी लाइटों के पास पहुंचा, तो आगे एक तरफ की सड़क टूटी हुई थी। इस वजह से ऑटो चालक ने कृष्णा मंदिर जाने के लिए ऑटो को साथ वाली दूसरी सड़क पर डाल लिया।

जैसे ही उनका ऑटो श्मशान घाट रोड पर स्थित सी-ब्लॉक वाले कट के पास पहुंचा, तो आगे जा रही एक सिल्वर रंग की अर्टिगा कार के चालक संजय ने अचानक अपनी कार को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। अर्टिगा की टक्कर लगते ही सवारियों से भरा ऑटो सड़क पर पलट गया और चीख-पुकार मच गई। हादसे में ऑटो सवार सभी लोगों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से तुरंत घायलों को इलाज के लिए दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMC Hospital, Ludhiana) में भर्ती करवाया गया। लेकिन अफसोस, जख्मों के ताव न सहते हुए पीड़ित के भतीजे मनु की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस खबर के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News