ड्यूटी पर जा रहे पुलिस मुलाजिम की कार को तेज रफ्तार Thar ने मारी टक्कर, कुचलकर मारने की कोशिश
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 08:46 AM (IST)
लुधियाना (राज): फिल्लौर किले में चल रहे कोर्स पर तैनात एक पुलिस मुलाजिम की कार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार थार ने जोरदार टक्कर मार दी। जब पुलिस कर्मचारी ने इसका विरोध किया तो दबंग थार चालक ने वर्दी का खौफ खाए बिना उन्हें ही गाड़ी से कुचलकर जान से मारने की कोशिश की और मौके से अपनी थार भगा ले गया।
नेक्सॉन कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी
पुलिस को दिए बयानों में पुलिस मुलाजिम धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बीती 17 मई को वह अपनी सफेद रंग की नेक्सॉन ईवी (Nexon EV) कार (नंबर PB70N-5128) में सवार होकर अपने घर से फिल्लौर किले (Phillaur Fort) में चल रहे कोर्स/ड्यूटी पर जा रहा था। जब वह रास्ते में था तो पीछे से आ रही एक महिंद्रा थार गाड़ी के चालक रविंदर सिंह ने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए अपनी गाड़ी को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया और आगे चल रही उसकी नेक्सॉन कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि की कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद जब पीड़ित पुलिस मुलाजिम धर्मेंद्र सिंह ने गाड़ी रोककर आरोपी को टोकना चाहा, तो थार चालक रविंदर सिंह उर्फ सन्नी गाड़ी से नीचे उतरा। आरोपी ने आव देखा न ताव और सीधा झगड़े पर उतारू हो गया। हद तो तब हो गई जब उसने पीड़ित पुलिस मुलाजिम को ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपनी थार गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। थाना लाड़ोवाल ने धर्मेंद्र सिंह की शिकायत पर आरोपी रविंदर सिंह उर्फ सन्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

