DJ बजाने से रोका तो दबंगों ने युवक को घेरा, बेरहमी से पीटकर दी जान से मारने की धमकी!
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 09:08 AM (IST)
लुधियाना, (राज): ताजगंज मोहल्ले में उस समय सनसनी फैल गई, जब गली में तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने का विरोध करने पर कुछ दबंगों ने एक युवक को सरेराह घेर लिया।
आरोपियों ने न सिर्फ युवक के साथ गाली-गलौज की, बल्कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकियां तक दे डालीं। थाना डिविजन नंबर 3 की पुलिस ने इस मामले में पुलिस ने काजल पत्नी संजीव, संजीव (दोनों निवासी मोहल्ला ताजगंज, लुधियाना), वंश, हिमांशु वर्मा, मौलिक मल्होत्रा और काका पुत्र शिव चरण के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयानों में जसपाल सिंह उर्फ पाली ने बताया कि 5 जून को उनके मोहल्ले में आरोपी काजल, संजीव, हिमांशु वर्मा, मौलिक मल्होत्रा और काका ने घर के बाहर गली में टेंट लगाकर बहुत ही तेज आवाज में साउंड सिस्टम चालू कर रखा था।
शोर इतना ज्यादा था कि मोहल्ले वालों का जीना दूभर हो गया। इस पर जब जसपाल सिंह और मोहल्ले के अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें जाकर समझाने की कोशिश की कि आवाज थोड़ी धीमी कर लें, तो आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और बहस करने लगे। हद तो तब हो गई जब उसी दिन बाद में इन दबंगों ने जसपाल सिंह को गली में अकेले देखकर रोक लिया। आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और झगड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपियों ने जसपाल पर हमला कर दिया और उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। जाते-जाते आरोपी उसे सरेआम जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए।

