लुधियाना में मामूली कहासुनी Murder, चंद सेकेंड में चली गई युवक की जान
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 11:34 PM (IST)
लुधियाना, (राज): ढिल्लों नगर इलाके में सोमवार दोपहर को उस समय सनसनी फैल गई, जब मोबाइल फोन को लेकर हुआ एक मामूली सा विवाद खूनी खेल में बदल गया। आपसी बहसबाजी के दौरान तैश में आए एक शातिर अपराधी ने बीच सड़क पर एक युवक के सीने में बेरहमी से चाकू घोंपकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस खूनी वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी को दबोच लिया है। मृतक की पहचान बसंत नगर (लोहारा) निवासी 31 वर्षीय करनजीत सिंह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर को करनजीत सिंह अपने चचेरे भाई गुरिंदर सिंह के साथ किसी काम से जा रहा था। जैसे ही वे ढिल्लों नगर के पास पहुंचे, तो वहां उनकी मुलाकात अर्जुन नाम के युवक से हुई। वहां किसी मोबाइल फोन को लेकर करनजीत और अर्जुन के बीच बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। दोनों तरफ से गाली-गलौज होने लगी और बात हाथापाई तक पहुंच गई। दोनों को आपस में गुत्थमगुत्था होते देख करनजीत के भाई गुरिंदर सिंह ने बीच-बचाव करने की पुरजोर कोशिश की और दोनों को अलग करने लगा। इसी बीच गुस्से से आगबबूला हुए आरोपी अर्जुन ने पहले पास पड़ी एक ईंट उठाकर करनजीत पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया, लेकिन गुरिंदर ने बीच में आकर करनजीत को बचा लिया। ईंट का वार खाली जाता देख आरोपी अर्जुन ने आव देखा न ताव, तुरंत अपनी जेब से एक तेजधार चाकू निकाला और सीधे करनजीत के सीने में उतार दिया। चाकू लगते ही करनजीत के सीने से खून का फव्वारा फूट पड़ा और वह तड़पते हुए वहीं जमीन पर गिर गया। जख्म इतना गहरा था कि करनजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गया। सरेराह हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही थाना डाबा की पुलिस भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवाया।
थाना डाबा के एसएचओ परमदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती तफ्तीश में हत्या की मुख्य वजह मोबाइल फोन का पुराना विवाद ही सामने आ रही है। वारदात के बाद भागने की फिराक में घूम रहे आरोपी अर्जुन को पुलिस टीमों ने चौतरफा घेराबंदी करके चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हत्यारोपी अर्जुन का पुराना आपराधिक इतिहास है और उस पर पहले भी चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का संगीन केस दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।


