लुधियाना में मंदिर पर ईंटें फेंकने के बाद पुलिस से भिड़ा युवक, सहमे श्रद्धालु

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 01:14 PM (IST)

 लुधियाना (राज): महानगर में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की एक सनसनीखेज कोशिश के तहत एक मंदिर परिसर पर ईंटें बरसाने का गंभीर मामला सामने आया है। लोगों ने साहस दिखाते हुए मंदिर पर ईंटें फेंक रहे युवक को मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। हद तो तब हो गई जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर भी आरोपी शांत नहीं हुआ और उसने पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की व हाथापाई शुरू कर दी। पुलिस ने बल प्रयोग कर आरोपी को हिरासत में लिया और थाने ले आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय मंदिर परिसर और आसपास सामान्य चहल-पहल थी। तभी एक सिरफिरा युवक अचानक वहां पहुंचा और उसने बिना किसी वजह के सड़क किनारे पड़ी ईंटों और पत्थरों को उठाकर सीधे मंदिर की ओर फेंकना शुरू कर दिया। मंदिर के मुख्य द्वार और दीवारों पर ईंटें टकराने की आवाज सुनकर अंदर मौजूद श्रद्धालु सहम गए। आरोपी की इस हरकत से इलाके में भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। धार्मिक स्थल पर इस तरह का खुला हमला होते देख आसपास के दुकानदार और स्थानीय नागरिक तुरंत हरकत में आ गए। लोगों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपी युवक को मौके पर ही धर दबोचा। 

धार्मिक भावनाएं आहत होने के चलते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पीसीआर और पुलिस पार्टी तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी जब आरोपी को छुड़ाकर अपनी गाड़ी में बैठाने लगे, तो युवक और ज्यादा आक्रामक हो गया। उसने खाकी का खौफ माने बिना मौके पर मौजूद पुलिस मुलाजिमों के साथ भी बदसलूकी और गाली-गलौज शुरू कर दी। फिर पुलिस ने स्थानीय लोगों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर गाड़ी में डाला।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News