लुधियाना पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा प्रहार, 19 तस्कर दबोचे

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 05:18 PM (IST)

लुधियाना (राज): पंजाब सरकार के 'युद्ध नशियां विरुद्ध' अभियान के तहत नशा तस्करी की कमर तोड़ने के लिए लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार तड़के महानगर के इतिहास का सबसे बड़ा और व्यापक कॉरडन एंड सर्च ऑपरेशन  चलाया। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा की सीधी निगरानी में शहर के सभी 4 जोनों के तहत 11 पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में आते 15 चिह्नित ड्रग हॉटस्पॉट्स पर सुबह ठीक 6:00 बजे एक साथ भारी पुलिस बल ने धावा बोला। इस मेगा ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 15 नई एफआईआर दर्ज कर लिस्टेड सप्लायरों व पेडलरों समेत 19 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

25 अधिकारी और 500 जवान उतरे मैदान में  

CP स्वप्न शर्मा ने खुद किया मुआयना इस विशाल ऑपरेशन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा स्वयं फील्ड में उतरे और विभिन्न हॉटस्पॉट इलाकों का दौरा कर कार्रवाई का जायजा लिया। पूरे ऑपरेशन की व्यूहरचना के तहत प्रत्येक हॉटस्पॉट के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। इस अभियान की निगरानी 5 डीसीपी और 7 एडीसीपी कर रहे थे। कुल 25 गजेटेड अधिकारियों के नेतृत्व में 40 एसएचओ व चौकी इंचार्ज और लगभग 500 पुलिस कर्मचारियों ने पूरे शहर में मोर्चा संभाला। टीमों ने सबसे पहले सभी 15 हॉटस्पॉट्स के एंट्री और एग्जिट (प्रवेश व निकास) पॉइंट्स को पूरी तरह सील कर दिया, ताकि कोई भी संदिग्ध भाग न सके। इसके बाद लिस्टेड तस्करों के ठिकानों, नशा सेवन के अड्डों और संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली गई।

PunjabKesari

465 संदिग्धों और 158 वाहनों की जांच; हेरोइन, ICE, गांजा व भुक्की बरामद 

सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 465 संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की और 158 वाहनों की गहन चेकिंग की। साथ ही ड्रग इंस्पेक्टर को साथ लेकर इलाके के मेडिकल स्टोरों पर भी औचक छापेमारी की गई, ताकि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 15 एफआईआर दर्ज कर 19 मुख्य सप्लायरों व पेडलरों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से बरामद नशीले पदार्थों का ब्योरा इस तरह है, हेरोइन: 143 ग्राम, आइस (क्रिस्टल मेथ) 61 ग्राम, गांजा: 10 किलोग्राम, चूरा पोस्त (भुक्की): 3 किलोग्राम

PunjabKesari

नशा तस्करों को कानून का सख्त संदेश, हेल्पलाइन 97791-00200 जारी 

पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा कि लुधियाना को नशा मुक्त बनाना पुलिस का अडिग संकल्प है। उन्होंने नशा सप्लायरों और पेडलरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे या तो यह काला धंधा छोड़ दें, अन्यथा कानून का सबसे कठोर प्रहार झेलने के लिए तैयार रहें। वहीं, उन्होंने भटक चुके युवाओं को इलाज और पुनर्वास के लिए पुलिस की तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। सीपी ने आम जनता से अपील की कि वे नशा तस्करी की कोई भी गुप्त सूचना 'सेफ पंजाब' एंटी-ड्रग हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 पर साझा करें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News