कार का टायर बदल रहे युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, मंजर देख सन्न रह गए लोग
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 06:04 PM (IST)
दोराहा (विनायक): तेज रफ्तार ट्रक ने एक व्यक्ति को बुरी तरह से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, लुधियाना-दिल्ली जी.टी. रोड पर गांव बरमालीपुर के नजदीक वीरवार को एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में कार का टायर बदल रहे 2 युवकों को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक गांव अलूणा (जिला लुधियाना) का रहने वाला बताया जा रहा है। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई थी कि बोलेरो गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर 2 युवक उसका पंक्चर हुआ टायर बदल रहे थे। इसी दौरान दोराहा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के अज्ञात चालक द्वारा कथित तौर पर समय रहते ब्रेक न लगाए जाने के कारण ट्रक सीधे बोलेरो से जा टकराया। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ पलटकर सड़क पर उलट गई। गाड़ी का टायर बदल रहे एक युवक को ट्रक की टक्कर के कारण गंभीर चोटें लगीं, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान तथा हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस द्वारा ट्रक चालक की तलाश के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस दिल दहला देने वाले हादसे के कारण जी.टी. रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जी.टी. रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

