तेज रफ्तार कार का कहर, एक युवक की मौ''त, माता वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 09:12 AM (IST)

लुधियाना (राज): रविवार को थाना सलेम टाबरी के नजदीक जालंधर बाईपास के नजदीक सुबह करीब सवा छह बजे उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार टोयोटा कार ने ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मार दी। इस खौफनाक हादसे में ई-रिक्शा सवार एक युवक की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा पूरी करने के बाद सुबह-सुबह ट्रेन से लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहां से उन्होंने जसिया जाने के लिए एक ई-रिक्शा किराए पर लिया। हादसे के चश्मदीद और ई-रिक्शा चालक हिमांशु ने बताया कि उसने रेलवे स्टेशन से कुल 5 सवारियां बैठाई थीं, जिनमें 2 युवतियां और 3 युवक शामिल थे। किस्मत अच्छी थी कि हादसे से कुछ देर पहले ही रास्ते में दोनों युवतियां उतर गई थीं, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। हादसे के वक्त ई-रिक्शा में पीछे 3 युवक बैठे हुए थे। कार की रफ्तार इतनी घातक थी कि टक्कर लगते ही पीछे बैठे एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाकी युवक खून से लथपथ हो गए जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, इस तबाही का कारण बनी टोयोटा कार को राहुल कुमार मिश्रा नाम का शख्स चला रहा था। जांच में सामने आया है कि कार चालक भारतीय सेना (इंडियन आर्मी) का जवान है। वह उत्तर प्रदेश से अपनी पोस्टिंग वाली जगह पर ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए वाया लुधियाना होते हुए जम्मू जा रहा था। इसी दौरान सलेम टाबरी के पास सुबह के सन्नाटे में कार अनियंत्रित हो गई और काल बनकर ई-रिक्शा पर जा चढ़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे का पता चलते ही सलेम टाबरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई । पुलिस ने  मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिर क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से किनारे करवाकर ट्रैफिक को सुचारू किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल अस्पताल में घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News