कनाडा जाने से चंद दिन पहले उजड़ गया परिवार, सड़क हादसे में 2 सगे भाइयों की मौ/त
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 03:06 PM (IST)
दोराहा (विनायक): दिल्ली-लुधियाना मार्ग पर मंडी गोबिंदगढ़ के पास देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दोराहा दक्षिणी बाईपास पर पड़ते गांव रामपुर के दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो जाने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। यह हादसा इतना भयानक था कि दोनों भाई टक्कर लगने के बाद फ्लाईओवर से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में मृतकों की पहचान हरजीत सिंह (30) और जगदेव सिंह (28) पुत्र रिटायर्ड सूबेदार मेजर अवतार सिंह, निवासी गांव रामपुर, थाना दोराहा, जिला लुधियाना के रूप में हुई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कैप्टन जसवंत सिंह रामपुर ने बताया कि हरजीत सिंह राजपुरा से अपने छोटे हाथी वाहन के पीछे पानी की टंकी लेकर घर लौट रहा था। रात करीब 11.30 बजे मंडी गोबिंदगढ़ के पास फ्लाईओवर पर उसके वाहन की बैटरी अचानक डेड हो गई, जिसके कारण उसने अपने छोटे भाई जगदेव सिंह को नई बैटरी लेकर मौके पर आने के लिए कहा।
उन्होंने बताया कि जब जगदेव सिंह मारुति सुजुकी ब्रेजा कार के माध्यम से बैटरी लेकर मौके पर पहुंचा और दोनों भाई वाहन को चालू करने का प्रयास कर रहे थे, तभी इस दौरान पीछे से आ रहे किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई फ्लाईओवर से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना की सूचना मिलने के उपरांत मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि मृतक हरजीत सिंह 26 जून को अपनी पत्नी के पास कनाडा जाने वाला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और विदेश रवाना होने से पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। दोनों युवा भाइयों की अचानक और दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव रामपुर और आसपास के इलाके में गहरे शोक का माहौल पाया जा रहा है। स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक नेताओं द्वारा दुखी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

