गर्मियों की छुट्टियों में परिवार को घर से बाहर जाना पड़ा महंगा, पीछे से हो गया कांड
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 08:57 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर में बंद पड़े घरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों का हौसला इस कदर बुलंद है कि वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां गर्मियों की छुट्टियों में परिवार के बाहर जाते ही चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया। शातिर चोर घर की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी के ताले चटकाकर सोने, चांदी के अलावा बेशकीमती डायमंड के जेवरातों पर हाथ साफ कर फरार हो गए। पीड़ित के बयानों के आधार पर थाना सराभा नगर की पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित शरद अग्रवाल ने बताया कि 6 जून 2026 को स्कूलों में गर्मियां की छुट्टियां होने के कारण वह अपने पूरे परिवार के साथ घूमने के लिए आगरा गए हुए थे। जाने से पहले उन्होंने अपने मकान को अच्छी तरह से लॉक (ताला) किया था। उन्हें जरा भी भनक नहीं थी कि पीछे से उनके आशियाने में इतनी बड़ी चोरी हो जाएगी।
खिड़की के रास्ते अंदर घुसे चोर, अलमारी के तोड़े ताले
शिकायतकर्ता शरद अग्रवाल ने बताया कि जब वे 14 जून 2026 को आगरा से वापस अपने घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर जाते ही उनके होश उड़ गए। घर के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जब उन्होंने जांच की तो देखा कि चोरों ने घर की एक खिड़की को बेरहमी से तोड़ा हुआ था और उसी रास्ते से दो अज्ञात चोर मकान के अंदर दाखिल हुए थे। शातिरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसके भीतर रखे सोने, चांदी और डायमंड के कीमती गहने चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार ने तुरंत इस वारदात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज के हुलिए के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

