Ludhiana में शातिर नौकरानी का कांड, मासूम का सोने का कड़ा और लाखों के गहने लेकर हुई फरार

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 09:45 AM (IST)

 लुधियाना (राज): चंद रुपयों की खातिर लोग किस कदर अपनों का भरोसा कत्ल कर देते हैं, इसकी एक बेहद चौंकाने वाली बानगी सामने आई है। जिस नौकरानी को परिवार ने अपने घर की जिम्मेदारी सौंप रखी थी, उसी ने पीठ पीछे ऐसा हाथ मारा कि पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में साफ-सफाई का काम करने वाली ज्योति नाम की महिला ने बड़ी ही शातिरता से लाखों के सोने के जेवरातों और एक महंगे आईफोन पर हाथ साफ कर दिया। 

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई
वारदात को अंजाम देकर आरोपी महिला बड़ी ही चालाकी से रफूचक्कर हो गई, जिसकी तलाश में अब थाना सलेम टाबरी की पुलिस छापेमारी कर रही है। शिकायतकर्ता अमनिंदर सिंह के मुताबिक आरोपी ज्योति रोजाना की तरह 17 अप्रैल को भी उनके घर आई और काम खत्म करके शाम करीब सात बजे चली गई। परिवार को भनक तक नहीं थी कि वह काम खत्म करके नहीं, बल्कि पूरे घर को कंगाल करके जा रही है। कुछ ही देर बाद जब परिवार की नजर अपनी लाडली बेटी गुरनाइरा के हाथ पर पड़ी, तो सबके होश उड़ गए। मासूम के दाहिने हाथ में चमचमाता पांच ग्राम सोने का कड़ा गायब था। घर में हड़कंप मच गया और तुरंत तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जैसे ही स्क्रीन पर नौकरानी की संदिग्ध हरकतें सामने आईं, परिवार का शक यकीन में बदल गया।

जल्द किया जाएगा आरोपी महिला को गिरफ्तार 
सीसीटीवी में नौकरानी की हरकत देखने के बाद जब परिवार ने घर के अंदर रखी अलमारियों का रुख किया, तो पता चला कि शातिर चोरनी ने सिर्फ बच्ची का कड़ा ही नहीं उतारा था, बल्कि अलमारियों के लॉकर तोड़कर सोने के गहने ही साफ कर दिये। अलमारियों से दो कीमती सोने की चैन, एक चमचमाता सोने का सेट, दो सोने की चूड़ियां, एक और सोने का कड़ा, सोने की अंगूठी और मांग का टिक्का गायब था। इतना ही नहीं, वह कानों में पहनने वाले सोने के कांटों की जोड़ी सहित छोटे-बड़े सोने के टॉप्स के दोनों जोड़े और वहां रखा एक महंगा एप्पल आईफोन-12 प्रो भी अपने साथ समेट ले गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए जगह-जगह जाल बिछाया जा रहा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News