Ludhiana: मॉडल टाउन में चोरों का आतंक, एक ही रात में 2 दुकानों के ताले तोड़ लाखों पर हाथ साफ

punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 01:59 PM (IST)

लुधियाना(राज): थाना मॉडल टाउन क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बेखौफ चोरों ने दुगरी रोड पर एक ही रात में साथ-साथ स्थित दो ऑटो इलेक्ट्रिकल दुकानों को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने के गहने और कीमती घड़ियां चोरी कर लीं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अगली सुबह पहुंचने पर दुकान के ताले टूटे मिले
जानकारी के अनुसार वारदात 15 मई की रात की है। गुरु नानक कॉलोनी निवासी गुरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दुगरी रोड पर जोहर की कोठी के सामने उनकी ‘दोआबा ऑटो इलेक्ट्रिकल’ नामक दुकान है। रोजाना की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह पहुंचने पर दुकान के ताले टूटे मिले। चोरों ने उनकी दुकान के साथ लगती ‘जे.एस. ऑटो इलेक्ट्रीशियन’ को भी निशाना बनाया।

खंगाली जा रही कैमरों की फुटेज 
दोनों दुकानों के गल्ले तोड़कर चोर हजारों रुपये की नकदी ले उड़े। गुरदीप सिंह के मुताबिक उनकी दुकान से 15 से 20 हजार रुपये की नकदी, 2 घड़ियां और करीब 4 तोले वजन की 4 सोने की अंगूठियां चोरी हुई हैं। वहीं दूसरी दुकान से करीब 55 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News