Ludhiana : नहीं थम रहा चोरों का आतंक, बड़ी वारदात को अँजाम देने की कोशिश

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 12:15 AM (IST)

लुधियाना ( गणेश / सचिन )  : महानगर में चोरी और वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे शहरवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ताजा मामला अब्दुल्लापुर बस्ती बस स्टैंड इलाके से सामने आया है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने खड़े वाहनों को निशाना बनाने की कोशिश कर इलाके में दहशत फैला दी।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात से सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे से 3:15 बजे के बीच कुछ संदिग्ध युवक इलाके में घूमते दिखाई दिए। आरोपियों ने सड़क किनारे खड़ी दो एक्टिवा, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटर के लॉक तोड़ने का प्रयास किया। काफी देर तक वाहन चोरी करने की कोशिश की गई, लेकिन लॉक मजबूत होने के कारण आरोपी अपने इरादों में सफल नहीं हो पाए।

इसी दौरान आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को संदिग्ध गतिविधियों का आभास हुआ। लोगों ने छत से शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

स्थानीय निवासी राजीव कुमार ने बताया कि करीब छह महीने पहले भी उनकी एक्टिवा चोरी हो चुकी है। उस समय भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इलाके के लोगों का कहना है कि जल्द ही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और लिखित शिकायत सौंपी जाएगी। वहीं कई स्थानीय निवासी चोरों के खिलाफ शिकायत देने से डर भी रहे हैं, क्योंकि उन्हें किसी अनहोनी या दुश्मनी का भय सता रहा है। लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News