Ludhiana में दिनदहाड़े बड़ी वारदात, 8 बदमाशों ने युवक को तेजधार हथियारों से काटा, CCTV वायरल
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 04:53 PM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन): महानगर के सलेम टाबरी इलाके में सरेआम गुंडागर्दी का खौफनाक चेहरा देखने को मिला। पीएनबी बैंक वाली गली स्थित एक अचार फैक्ट्री के पास 20 वर्षीय युवक पर करीब 8 बदमाशों ने तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब इलाके में तेजी से वायरल हो रहा है।

घायल युवक की पहचान मनराजप्रीत सिंह निवासी सलेम टाबरी के रूप में हुई है। गंभीर हालत में पहले उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीड़ित के पिता करनैल सिंह ने बताया कि उनका बेटा दुकान से चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और गाड़ी धीरे चलाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले आरोपियों ने मौके पर बहस और गाली-गलौज की, लेकिन भीड़ जमा होने पर वहां से निकल गए।
परिवार के मुताबिक, थोड़ी देर बाद करीब 8 युवक नशे की हालत में दोबारा लौटे और आते ही मनराजप्रीत को घेर लिया। बदमाशों ने दात और अन्य तेजधार हथियारों से युवक पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। CCTV फुटेज में आरोपी खुलेआम युवक पर हमला करते नजर आ रहे हैं। हमले में युवक के पेट और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल चंडीगढ़ में उसका इलाज चल रहा है और लगातार मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावर इलाके में पहले भी गुंडागर्दी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं और राजनीतिक शह के चलते लोगों में इनके खिलाफ डर का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस मामले को लेकर जब थाना प्रभारी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि घायल युवक की हालत अभी गंभीर बनी हुई है और वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस द्वारा CCTV फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच की जा रही है। युवक के बयान दर्ज होते ही आरोपियों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

