लुधियाना के नामी फर्नीचर शोरूम में चोरी की वारदात, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 02:15 PM (IST)
लुधियाना (राज): हैबोवाल इलाके के अंतर्गत आती सिविल सिटी में स्थित एक नामी फर्नीचर शोरूम में शातिर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी है। 'अमरनाथ ओम प्रकाश' नाम के इस प्लास्टिक एंड सेल फर्नीचर शोरूम से चोर न केवल गल्ले में रखी नकदी उड़ा ले गए, बल्कि शोरूम के अंदर खड़ी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बड़े आराम से रफूचक्कर हो गए।
हैरानी की बात यह है कि शोरूम की पहली मंजिल पर एक युवक मौजूद था, लेकिन उसे भनक तक नहीं लगी कि चोर कब अंदर दाखिल हुए और कब वारदात को अंजाम देकर निकल गए। घटना का पता सुबह तब चला जब उस युवक को शोरूम के अंदर खड़ी बाइक नदारद मिली। उसने तुरंत इसकी सूचना शोरूम मालिक मनु सिंगला को दी।
मालिक मनु सिंगला ने मौके पर पहुंचकर जब जांच की तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। चोरों ने न केवल गल्ले से करीब 40 हजार रुपये की नकदी साफ की थी, बल्कि दुकान के मंदिर में पड़ी श्रद्धा की भेंट (कैश) भी उठा ले गए थे। सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल के अधीन आती जगतपुरी चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की।
जब पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी चाही, तो पता चला कि कैमरे बंद पड़े थे। शोरूम मालिक मनु सिंगला ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए बताया कि सीसीटीवी कैमरे बाहर से नहीं बल्कि शोरूम के अंदर से बंद किए गए थे। इससे साफ जाहिर होता है कि चोरों को शोरूम के चप्पे-चप्पे और कैमरों के सिस्टम की पूरी जानकारी थी। मनु सिंगला ने आशंका जताई है कि इस वारदात के पीछे किसी 'भेदी' का हाथ हो सकता है, जिसे दुकान की गतिविधियों की पूरी खबर थी। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

