फोकल प्वाइंट में चोरों का तांडव: इंस्टाकार्ट के हब में बड़ी वारदात

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 11:59 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के औद्योगिक केंद्र फोकल प्वाइंट इलाके में चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा दावों की हवा निकाल दी है। शातिर चोरों ने एक निजी कंपनी के हब को निशाना बनाते हुए लाखों के इलेक्ट्रॉनिक्स सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके में छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जीवन नगर, चंडीगढ़ रोड स्थित वीर पैलेस के पास 'इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड' के हब में यह बड़ी वारदात हुई। हरजिंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 27 अप्रैल की रात को 3 अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति कंपनी के ऑफिस पहुंचे। आरोपियों ने बड़ी सफाई से शटर के ताले काटे और भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने ऑफिस के अंदर रखे विभिन्न कंपनियों के 12 महंगे मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप समेटे और मौके से फरार हो गए। सुबह जब कर्मचारियों ने आकर देखा तो शटर के ताले टूटे हुए थे और सामान गायब था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पुलिस आसपास की फैक्ट्रियों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News