लुधियाना में सरेआम गुंडागर्दी का ''तांडव'': ट्यूबलाइटों और तेजधार हथियारों से दो युवकों पर खूनी हमला
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 08:36 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर के थाना डिवीजन नंबर 3 के अंतर्गत आते न्यू शिवाजी नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नीला झंडा गुरुद्वारा रोड पर करीब 10 हमलावरों ने मिलकर दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों के सिर पर खून इस कदर सवार था कि वे अपने हाथों में ट्यूबलाइट और तेजधार हथियार लेकर सरेआम गुंडागर्दी करते नजर आए। इस पूरी खौफनाक वारदात का मंजर पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है, जिसने इलाके के सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है।
10 युवक ने दो लड़कों को बुरी तरह घेरा
घटना के चश्मदीद और फैक्ट्री मालिक राहुल ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपनी फैक्ट्री के भीतर काम में व्यस्त थे, तभी अचानक बाहर गलियों से चीखने-चिल्लाने और शोर-शराबे की आवाजें आने लगीं। जब उन्होंने बाहर निकलकर देखा तो करीब 10 युवक दो लड़कों को बुरी तरह घेरकर उन पर वार कर रहे थे। हमलावरों के हाथों में जो कुछ भी लगा, चाहे वे ट्यूबलाइट्स हों या हथियार, उन्होंने उन युवकों पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। राहुल का कहना है कि हमलावर इतने उग्र थे कि अगर वे फैक्ट्री के अंदर न होते तो शायद हमलावर फैक्ट्री में घुसकर भी किसी बड़ी अनहोनी को अंजाम दे सकते थे। इस खूनी खेल के दौरान हमलावरों ने राहुल की गाड़ी पर भी जमकर अपना गुस्सा निकाला और उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश तेज
वारदात की सूचना मिलते ही थाना डिविजन नंबर 3 की पुलिस और पीसीआर गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस की साइरन की आवाज सुनते ही हमलावरों के हौसले पस्त हो गए। पकड़े जाने के डर से हमलावर अपनी मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़कर तंग गलियों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने मौके से हमलावरों की बाइक बरामद कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के लोग दहशत के साये में हैं।

