लुधियाना में लोगों का फूटा गुस्सा, चोर बताकर युवक को सरेआम ‘तालिबानी सजा’, वीडियो वायरल

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 02:47 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के थाना बस्ती जोधेवाल के अंतर्गत आते नूरवाला रोड इलाके में आज उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब लोगों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए एक कथित चोर को 'तालिबानी सजा' दे डाली। भीड़ का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने न केवल आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई की, बल्कि उसे एक बिजली के खंभे से बांध दिया और सरेआम उसका सिर मुंडवाकर उसे सड़क पर घुमाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

मिली जानकारी के अनुसार, नूरवाला रोड पर लोगों ने एक युवक को चोरी की नीयत से घूमते या वारदात को अंजाम देते हुए रंगे हाथों दबोच लिया था। इलाके में पिछले कुछ समय से बढ़ रही चोरी की वारदातों से जनता में पहले ही काफी रोष था। जैसे ही आरोपी पकड़ा गया, देखते ही देखते वहां लोगों का भारी हजूम इकट्ठा हो गया। गुस्से से तिलमिलाई भीड़ ने आरोपी को पहले एक खंभे के साथ बांधा और फिर उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। हैरानी की बात तो यह रही कि लोगों ने कानून की परवाह किए बिना खुद ही फैसला सुना दिया। आरोपी का सिर बीच सड़क पर गंज करा दिया गया और उसे पूरे रोड पर घुमाया गया ताकि उसे सबक सिखाया जा सके। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़वाकर हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News