लुधियाना में सरेआम गुंडागर्दी! सुलह कराने जा रहे परिवार पर पार्षद का हमला, उछाली पगड़ी
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 09:29 AM (IST)
लुधियाना (राज): पारिवारिक क्लेश को खत्म करने और घर की बहू को वापस लाने की तैयारी कर रहे एक परिवार पर पड़ोस में रहने वाले भाजपा के पार्षद और उसके भाई द्वारा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि शराब के नशे में धुत आरोपी पार्षद ने न सिर्फ उनके काम में अड़ंगा डाला, बल्कि बीच सड़क पर मारपीट कर उनकी पगड़ी तक उतार दी और जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।
विरोध करने पर शुरू हुई बेहसबाजी
पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता लक्ष्मण सिंह ने बताया कि उसके ताऊ के लड़के मोहन सिंह के बेटे सुरिंदर सिंह की पत्नी काफी समय से रूठकर अपने मायके गई हुई थी। परिवार ने फैसला किया था कि 22 अप्रैल को उसे लेने ससुराल जाएंगे। इसी सिलसिले में 21 अप्रैल की सुबह जब वह अपने भाई के घर पर जाने की योजना बना रहे थे, तभी सामने रहने वाला पार्षद मुकेश खत्री वहां धमक पड़ा। शिकायतकर्ता का कहना है कि मुकेश खत्री पूरी तरह नशे में था और आते ही उसने चुनौती देते हुए कहा कि 'तुम जितनी मर्जी कोशिश कर लो, तुम्हारी बहू वापस नहीं आएगी।' जब परिवार ने इसका विरोध किया तो बहसबाजी शुरू हो गई।
पुलिस ने आरोपी भाईयों पर किया केस दर्ज
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मुकेश खत्री ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसका भाई बंटी खत्री भी वहां पहुंच गया और दोनों ने मिलकर पीड़ित पर हमला बोल दिया। हैरानी की बात तो यह रही कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित की पगड़ी उतार दी और उसके सिर के बाल भी नोचे। सरेआम हुई इस बेइज्जती और शोर-शराबे के बाद आरोपी जाते-जाते पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। फिलहाल थाना डिविजन नंबर 2 की पुलिस ने आरोपी भाईयों पर केस दर्ज कर लिया है।

