लुधियाना में होजरी फैक्ट्री में बड़ी वारदात, भतीजे ने चाचा को उतारा मौत के घाट
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 12:35 PM (IST)
लुधियाना (राज/गौतम): संधू नगर इलाके के जवंद विहार में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक होजरी फैक्ट्री में काम करने वाले कारीगर की उसके ही साथी और रिश्ते में भतीजे लगने वाले युवक ने बेरहमी से हत्या कर दी। जिस भतीजे को मृतक धर्मेंद्र खुद एक महीना पहले काम दिलवाने के लिए लुधियाना लेकर आया था, उसी ने मामूली बहस के बाद खूनी खेल खेलकर अपने चाचा को मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को चंद घंटों में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात की जानकारी देते हुए फैक्ट्री मालिक उमी लाली ने बताया कि उन्हें देर रात करीब 2:30 बजे ठेकेदार राहुल का फोन आया था, जिसने फैक्ट्री में झगड़े और धर्मेंद्र के लहूलुहान हालत में पड़े होने की खबर दी। आनन-फानन में पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किया गया। धर्मेंद्र को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रात के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिससे गुस्साए आरोपी ने पास पड़ा भारी स्टूल धर्मेंद्र के सिर पर दे मारा।
इस खौफनाक वारदात ने लखनऊ में रह रहे एक परिवार की खुशियां पूरी तरह उजाड़ दी हैं। धर्मेंद्र पिछले 5-6 सालों से लुधियाना की इस फैक्ट्री में अपनी मेहनत की कमाई से परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसके पीछे अब उसकी बेबस पत्नी और एक 4 साल की मासूम बेटी रह गई है, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। फैक्ट्री मालिक के अनुसार दिन में वहां 6 लोग काम करते थे, लेकिन रात को केवल ये दोनों ही वहां रुकते थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
थाना हैंबोवाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फैक्ट्री और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि वारदात के समय कोई और बाहरी व्यक्ति तो मौजूद नहीं था। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

