लुधियाना में बदमाशों का आतंक! गनपॉइंट पर 2 कारें लूटने की कोशिश, सूझबूझ से टली वारदात
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 04:17 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में बुधवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए गन प्वाइंट पर दो अलग-अलग गाड़ियां लूटने की दुस्साहसिक कोशिश की। हालांकि कार चालकों की सूझबूझ और तकनीकी कारणों से गाड़ियां स्टार्ट न होने के चलते लुटेरों के मंसूबे धरे के धरे रह गए। पहली वारदात में नाकाम रहने के बाद बदमाशों ने कुछ ही दूरी पर बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे दूसरे कार चालक को निशाना बनाया, लेकिन वहां परिजनों और आसपास के लोगों के जुटने पर उन्हें उल्टे पैर भागना पड़ा। दोनों वारदातों में खाली हाथ रहे बदमाश भागते समय सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक बुजुर्ग को भी टक्कर मार गए। दुस्साहसिक वारदातों की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, पहली वारदात सुबह करीब 7:30 बजे घटी। मेडिकल स्टोर संचालक निशु अपनी किट लेकर रख बाग में बैडमिंटन खेलने जाने के लिए अपनी कार में बैठे ही थे। तभी दो हथियारबंद युवक पैदल चलकर उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और शीशा नीचे करने का इशारा किया। जैसे ही शीशा नीचे हुआ, बदमाशों ने सीधे निशु की कनपटी पर पिस्टल तान दी। जान खतरे में देख निशु ने कहा कि चाहे मोबाइल ले लो, लेकिन उन्हें छोड़ दो। इस पर बदमाशों ने कहा कि उन्हें सिर्फ गाड़ी चाहिए। इसी दौरान निशु ने सूझबूझ दिखाते हुए चुपके से गाड़ी की चाबी निकाल ली और बाहर निकल आए। बदमाश हड़बड़ाहट में स्टीयरिंग पर बैठ तो गए, लेकिन कुछ ही दूरी पर बिना चाबी के गाड़ी बंद हो गई। चाबी न मिलने पर बदमाश घबराकर गाड़ी वहीं छोड़कर आगे भाग निकले।
बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे मुनीश को बनाया दूसरा शिकार, मां ने मचाया शोर
पहली कार लूटने में नाकाम रहने के बाद इन बेखौफ बदमाशों ने थोड़ी ही दूरी पर मुनीश मल्होत्रा को अपना निशाना बना लिया।मुनीश उस समय अपनी कार से बच्चों को स्कूल छोड़ने की तैयारी में थे। बदमाशों ने तुरंत उन पर भी पिस्टल तान दी और जबरन गाड़ी छीनने का प्रयास किया। गनीमत रही कि किसी तकनीकी कारण से यह गाड़ी भी स्टार्ट नहीं हो सकी। इसी बीच कार चालक की मां मौके पर आ गईं और उन्होंने बदमाशों को हथियार ताने देख जोर-जोर से चीख-पुकार शुरू कर दी। महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग और पड़ोसी तुरंत घरों से बाहर निकल आए। भीड़ को अपनी ओर बढ़ता देख बदमाशों के होश उड़ गए और वे हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
भागते समय एक व्यक्ति को मारी टक्कर, SHO बोले—शाम तक होगा खुलासा
भीड़ के पीछा करने पर दोनों बदमाश बदहवास होकर गलियों की तरफ भागे। भागते समय रास्ते में मॉर्निंग वॉक कर रहे स्थानीय डेयरी संचालक अशोक मल्होत्रा को बदमाशों ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की पुष्टि करते हुए थाना डिवीजन नंबर 5 के एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों के आने और भागने के रूट को ट्रैक किया जा सके। एसएचओ ने कहा कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और शाम तक पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

