लुधियाना में लुटेरों का खौफनाक हमला, चलती बाइक पर ‘दात’ से किया वार
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 09:30 AM (IST)
लुधियाना (राज): ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में देर रात बेखौफ बाइक सवार लुटेरों ने एक निजी फैक्ट्री कर्मी पर तेजधार हथियार 'दात' से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पीछा कर चलती बाइक पर वार किए, जिससे युवक संतुलन खोकर सड़क पर जा गिरा। इसके बाद लुटेरों ने जमीन पर गिरे युवक के चेहरे और शरीर पर बेरहमी से कई वार किए और उसकी बाइक, मोबाइल व हाथ की घड़ी लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पीड़ित पूरी रात ढंडारी रेलवे क्रॉसिंग के पास खून से लथपथ पड़ा रहा। सुबह एक राहगीर की मदद से परिजनों को सूचना मिली, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में उपचाराधीन अभिमन्यु राय ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे की है। वह ट्रांसपोर्ट नगर से निकल रहा था, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। खतरा भांपते हुए उसने अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और जान बचाने के लिए ढंडारी रेलवे स्टेशन की तरफ भागा। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद बदमाशों ने चलती बाइक पर ही उस पर दात से सीधा हमला कर दिया। हथियार का गहरा घाव लगते ही अभिमन्यु बाइक से संतुलन खो बैठा और सड़क पर बुरी तरह गिर पड़ा। सड़क पर गिरते ही दोनों लुटेरों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियार से उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। युवक को लहूलुहान और अधमरा करने के बाद बदमाश उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और हाथ में बंधी घड़ी छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। जाते-जाते वे गंभीर रूप से घायल अभिमन्यु को ढंडारी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक लावारिस हालत में फेंक गए। वारदात के बाद अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण अभिमन्यु उठने की स्थिति में नहीं था और पूरी रात वहीं दर्द से तड़पता रहा। अगली सुबह वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर उस पर पड़ी।
राहगीर ने तत्परता दिखाते हुए अभिमन्यु की जेब की तलाशी ली, जिसमें मिले एक पहचान पत्र पर दर्ज फोन नंबर के जरिए उसके परिजनों से संपर्क साधा और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी शेरपुर की टीम हरकत में आ गई। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर ढंडारी रेलवे क्रॉसिंग तक के पूरे रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली जा रही है ताकि लुटेरों की बाइक के नंबर और उनके हुलिए का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

