लुधियाना की रबर फैक्ट्री में भीषण आग, आसमान में छाए काले धुएं के गुबार

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 01:26 PM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र ढंडारी-जसपाल बांगर इलाके में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित 'राजू रबर फैक्ट्री' में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं के ऊंचे-ऊंचे काले गुबार छा गए, जो कई किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आ रहे थे। रबर प्लांट होने के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं, जिससे फैक्ट्री में भारी वित्तीय नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त विवरण के अनुसार, यह रबर प्लांट उद्योगपति विकास बंसल के स्वामित्व में संचालित होता है। सोमवार सुबह जब काम की शुरुआत हो रही थी, तभी फैक्ट्री परिसर से अचानक धुएं के साथ आग की लपटें उठने लगीं। कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने जब तक स्थिति को संभालने की कोशिश की, तब तक आग ने रबर के स्टॉक और मशीनरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों को तेजी से बढ़ता देख कर्मचारियों ने तुरंत बाहर भागकर अपनी जान बचाई और आसपास की फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।चूंकि फैक्ट्री में भारी मात्रा में रबर और अन्य ज्वलनशील कच्चा माल मौजूद था, इसलिए आग ने पलक झपकते ही पूरे प्लांट को घेर लिया। सूचना मिलते ही लुधियाना फायर ब्रिगेड की टीमें कई गाड़ियों सहित घटनास्थल पर पहुंचीं। आग की प्रचंडता और रबर से उठ रहे जहरीले व घने काले धुएं के कारण दमकल कर्मियों को भीतर तक पहुंचने और पानी की बौछारें करने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दमकल कर्मी आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों को आग की चपेट में आने से बचाने के लिए चारों तरफ से घेराबंदी कर लगातार पानी डाल रहे हैं।

फैक्ट्री प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन द्वारा आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्राथमिक तौर पर लाखों रुपये की मशीनरी और रबर उत्पाद जलकर राख होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है; अंदेशा जताया जा रहा है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ हो सकता है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News