लुधियाना में विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, मौत से पहले वीडियो बनाकर परिवार को किया WhatsApp

punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 09:19 AM (IST)

लुधियाना (राज) : ससुराल पक्ष की लगातार प्रताड़ना, गाली-गलौज और नशेड़ी पति की दरिंदगी से परेशान होकर विवाहिता ने मौत को गले लगा लिया। मृतका ने फंदा लगाने से ठीक पहले अपने मोबाइल से एक दर्दनाक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने पति, ताई सास और उसकी बहू द्वारा किए जा रहे अत्याचारों और गालियों का कच्चा चिट्ठा खोला।

वीडियो Whatsapp पर परिवार को भेजने के बाद लगाया फंदा 
यह वीडियो उसने परिजनों को वाट्सएप पर भेजा और उसके बाद कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की मां की शिकायत पर थाना टिब्बा की पुलिस ने पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से फंदे में इस्तेमाल चुन्नी और वह मोबाइल फोन बरामद कर लिया है जिससे वीडियो बनाया गया था। पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में मृतका की मां लक्षमी ने बताया कि उसकी 30 वर्षीय बेटी शमीना उर्फ शमा की शादी करीब 11 वर्ष पहले अजय मेहरा उर्फ अज्जू के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति अजय ने शमीना को तंग-परेशान करना शुरू कर दिया। आरोपी शराब व अन्य नशों का आदी था और आए दिन नशे की हालत में शमीना के साथ बेरहमी से मारपीट करता था। घर का चूल्हा जलाने के लिए शमीना खुद मेहनत-मजदूरी करके जो पैसे कमाकर लाती थी, आरोपी अजय नशे की लत पूरी करने के लिए उससे वे पैसे भी जबरन छीन लेता था। जब शमीना ने अपने ऊपर हो रहे जुल्म की शिकायत अपनी ताई सास सत्या से की और गुहार लगाई कि वह अपने भतीजे अजय को समझाएं, तो ताई सास सत्या और उसकी बहू रिंपी ने भी उसका साथ देने के बजाय उल्टा शमीना को ही बुरा-भला कहना शुरू कर दिया। दोनों महिलाएं आए दिन शमीना को ताने मारतीं, जलील करतीं और उसके साथ गाली-गलौज करती थीं।

तिल-तिल कर प्रताडि़त कर रहे थे सास-बहू
ससुराल के इस चौतरफा मानसिक व शारीरिक दबाव ने शमीना को भीतर से पूरी तरह तोडक़र रख दिया था। लगातार बढ़ रही प्रताडऩा से आहत होकर शमीना ने खौफनाक कदम उठा लिया और आत्महत्या करली। लेकिन, आत्महत्या करने से ठीक पहले उसने अपने मोबाइल से एक भावुक और रोते हुए वीडियो बनाया। इस वीडियो में उसने स्पष्ट तौर पर बताया कि किस तरह उसका पति अजय मेहरा उर्फ अज्जू, ताई सास सत्या और बहू रिंपी उसे तिल-तिल कर प्रताडि़त कर रहे हैं और गंदी-गंदी गालियां निकाल रहे हैं। यह वीडियो उसने अपने मायके वालों को वाट्सएप के जरिए भेजा और इसके बाद कमरे में चुन्नी का फंदा बनाकर झूल गई। जब तक मायका पक्ष या अन्य लोग मौके पर पहुंचते, तब तक शमीना दम तोड़ चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए फंदे में इस्तेमाल की गई चुन्नी और मृतका का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल में मौजूद वीडियो को तकनीकी जांच और फॉरेंसिक विश्लेषण के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका की मां के बयानों के आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज किया है। उनकी तलाश की जा रही है, जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News