Ludhiana : स्कूल में मोबाइल पकड़े जाने पर डर गईं छात्राएं, घर जाने की बजाय उठाया ये कदम
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 09:14 PM (IST)
पायल (विनायक): पायल थाना क्षेत्र के गांव भरथला रंधावा से शुक्रवार दोपहर अचानक लापता हुईं तीन नाबालिग छात्राओं को पायल पुलिस ने देर रात कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बरामद कर लिया। तीनों छात्राएं स्कूल में मोबाइल फोन ले जाने के मामले में शिक्षक द्वारा मोबाइल जमा करवाए जाने और इसकी जानकारी परिजनों को देने की बात कहे जाने से डर गई थीं। इसके बाद तीनों बिना परिजनों को बताए घर से निकल गईं और गांव के समीप घने खेतों में जाकर छिप गईं। जिस क्षेत्र में तीनों छात्राएं छिपी थीं, वहां रात के समय जंगली जानवरों तथा जहरीले सांपों का खतरा बना रहता है। ऐसे में कई घंटों तक उनका खेतों में रहना उनके लिए गंभीर जोखिम बन गया था।
इस संबंधी जानकारी देते हुए पायल के डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे तीनों नाबालिग छात्राओं के अचानक घर से लापता होने की सूचना पुलिस को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ-साथ संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
मोबाइल फोन को लेकर डांट के डर से घर से निकलीं
पुलिस के अनुसार तीनों छात्राएं अपने परिजनों को बिना बताए स्कूल में मोबाइल फोन लेकर गई थीं। स्कूल में शिक्षकों को इसकी जानकारी मिलने पर उनके मोबाइल फोन जमा करवा लिए गए और छात्राओं को उनके परिजनों को इसकी जानकारी देने के लिए कहा गया। इसी बात से डरकर तीनों छात्राएं स्कूल के बाद घर जाने की बजाय गांव के नजदीक स्थित खेतों की ओर चली गईं और घने खेतों में जाकर छिप गईं। काफी समय तक जब छात्राएं घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पायल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
अंधेरे में घने खेतों में पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान
इलाके में गश्त कर रहे पायल थाना के एसएचओ ने पुलिस टीम के साथ मिलकर बच्चियों की तलाश शुरू की। पुलिस कर्मियों ने अंधेरा होने के बावजूद गांव के आसपास के खेतों, रास्तों और संभावित स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान बच्चियों के परिजन भी पुलिस टीम के साथ तलाश में जुटे रहे। लगातार कई घंटे की तलाश के बाद रात करीब 9 से 10 बजे के बीच पुलिस टीम को एक नाबालिग छात्रा मिल गई। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही और बताए गए स्थान के आधार पर पुलिस ने बाकी दोनों छात्राओं की भी तलाश तेज कर दी और उन्हें भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
शुरुआत में अन्य संभावनाओं की भी जांच
डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा के अनुसार छात्राओं के अचानक लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले से जुड़ी विभिन्न संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की थी। इस दौरान यह संभावना भी जांची गई कि कहीं छात्राएं किसी लड़के के साथ तो नहीं गईं, लेकिन जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया। बाद में एक छात्रा के बरामद होने पर पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो गई और उसकी निशानदेही पर बाकी दोनों छात्राओं को भी सुरक्षित तलाश लिया गया।

