Ludhiana में चोरों ने 2 घंटे में दो बड़ी वारदातों को दिया अंजाम, पुलिस को दी खुली चुनौती
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 09:04 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि अब उन्हें न तो पुलिस का डर रहा है और न ही कानून का खौफ। ताजा मामला मोहल्ला आजाद नगर से सामने आया है, जहां एक शातिर चोर ने खाकी की गश्त को ठेंगा दिखाते हुए महज 120 मिनट के भीतर दो वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी।
कारोबारी परिसर को बनाया निशाना
इस शातिर अपराधी ने पहले गिल रोड से एक एक्टिवा पर हाथ साफ किया और फिर उसी चोरी के वाहन का इस्तेमाल कर एक कारोबारी परिसर को अपना निशाना बना डाला। घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार शाम करीब सवा छह बजे आजाद नगर स्थित 'कौर फूड्स' के कार्यालय में सन्नाटा पसरा था। मालकिन अमरजीत कौर के कर्मचारी हरप्रीत सिंह स्टॉक की गिनती में मशगूल थे, तभी एक युवक दफ्तर के अंदर दाखिल हुआ। चोर की फुर्ती और सफाई इतनी जबरदस्त थी कि उसने पलक झपकते ही दराज खोली और उसमें रखा आसुस कंपनी का कीमती लैपटॉप, लेनोवो टैब और करीब 2000 रुपये की नकदी समेट कर फरार हो गया। कर्मचारी हरप्रीत ने उसे भागते देख पीछा करने की कोशिश जरूर की, लेकिन शातिर चोर गलियों के रास्ते आंखों से ओझल हो चुका था।
पुलिस ने खंगाली CCTV फुटेज
दुकानदार का कहना है कि जिस तरीके से चोर ने सीधा दराज पर हाथ डाला, उससे यह किसी गहरी साजिश का हिस्सा लग रहा है। आरोपी को अच्छी तरह पता था कि दफ्तर के अंदर कीमती सामान और नकदी कहां रखी गई है। लैपटॉप में व्यापारिक लेनदेन के साथ-साथ निजी डाटा भी मौजूद था, जबकि टैब में बिलिंग सॉफ्टवेयर था, जिसके जाने से कारोबार को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर जो सच सामने आया, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। जिस एक्टिवा पर सवार होकर आरोपी वारदात करने पहुंचा था, वह भी चोरी की थी।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने उसी शाम ठीक 4:00 बजे गिल रोड स्थित एक फैक्ट्री के बाहर से वह एक्टिवा चोरी की थी, जिसकी शिकायत मालिक द्वारा पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी। यानी दो घंटों के भीतर चोर ने एक इलाके से वाहन उड़ाया और दूसरे इलाके में बड़ी चोरी को अंजाम दे दिया। फिलहाल पुलिस ने अमरजीत कौर की शिकायत पर थाना शिमलापुरी ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी की तस्वीरों में दिख रहे उस शातिर चेहरे की तलाश तेज कर दी है। अब देखना यह होगा कि दो वारदातों से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाला यह आरोपी कब तक सलाखों के पीछे पहुंचता है।

