Ludhiana में मोबाइल शॉप मालिक के घर बड़ी वारदात, गहरी नींद में सोता रहा परिवार और चोर कर गए कांड
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 08:53 AM (IST)
लुधियाना(राज): हैबोवाल इलाके के राजोरी गार्डन में शातिर चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। एक मोबाइल दुकान मालिक के घर में दाखिल होकर चोरों ने लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब पूरा परिवार घर के अंदर ही सो रहा था।
चोर दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे
पीड़ित मोहन कुमार के मुताबिक, देर रात करीब 1 बजे तक जागने के बाद परिवार वाले सो गए थे। इसी बीच चोर दीवार फांदकर घर के अंदर घुस आए। सुबह करीब 7 बजे जब मोहन कुमार दूसरे कमरे में गए, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरा पूरी तरह से अस्त-व्यस्त था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर सामने आया कि चोर घर से पौना तोला सोना, करीब 33 किलो चांदी के आभूषण और 35 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं।
CCTV में कैद हुई घटना
वारदात के बाद जब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए, तो उसमें दो संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दिए। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद थाना हाइबोवाल की पुलिस को सूचित किया गया था, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कई दिनों तक थाने की चौखट रगड़ने के बाद आखिरकार 10 मई को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी केवल कृष्ण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और हुलिए के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।

